मुंबई इंडियंस के नाम जीत का ताज

May 25, 2015 | 10:32 AM | 122 Views
mumbai_indians_lift_second_ipl_title_after_win_niharonline

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 8 में चेन्नई सुपर किंग्स को 41 रनों से हराकर जीत का ताज अपने नाम कर लिया। मुंबई इंडियंस से मिले 203 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सुपर किंग्स टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 161 रन ही बना सकी। बड़े लक्ष्य को देखते हुए सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं कही जा सकती। उनके शुरुआती विकेट तो जल्दी नहीं गिरे लेकिन सलामी बल्लेबाजों पर बड़े स्कोर का दवाब स्पष्ट दिख रहा था। ड्वायन स्मिथ (57) को शॉट लेने में संघर्ष करते दिख रहे थे।जिसका दबाव दूसरे छोर पर खड़े माइकल हसी (4) पर भी देखा गया और हसी के तेज लेकिन नीची रही शॉट पर कवर पॉइंट पर खड़े जगदीश सुचित ने कमाल का कैच लिया। इसके बाद आए सुरेश रैना (28) ने स्मिथ के साथ रन गति को थोड़ा जरूर बढ़ाया, लेकिन कभी भी वे आक्रामक नजर नहीं आए। इस बीच स्मिथ ने 45 गेंदों में आठ चैके और एक छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि  हरभजन सिंह के अगले ओवर में वह अपनी बाउंड्री में सिर्फ एक इजाफा कर सके और 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर पवेलियन लौटे। इसके बाद सुपर किंग्स के विकेटों के गिरने का जैसे सिलसिला शुरू हो गया। हरभजन ने अपने अगले ओवर में रैना को हर्षल पटेल के हाथों कैच आउट करवा दिया। ड्वायन ब्रावो (9), महेंद्र सिंह धौनी (18), फाफ दू प्लेसिस (1) और पवन नेगी (3) से टीम को उम्मीद थी, लेकिन बड़े लक्ष्य का दबाव वे नहीं सह सके और सस्ते में अपने विकेट गंवाते चले गए।वहीं मुंबई के लिए मिशेल मैक्लेनगन ने सर्वाधिक तीन, जबकि मलिंगा और हरभजन ने दो-दो विकेट हासिल किए। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा (50) और लेंडल सिमंस (68) के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई तूफानी 119 रनों की साझेदारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में मुंबई ने पांच विकेट गंवाकर 202 रन बनाए।मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित ने सिमंस के साथ शतकीय साझेदारी कर सुपर किंग्स पर करारा पलटवार किया और टीम को दमदार स्थिति में पहुंचा दिया। रोहित, सिमंस के क्रीज पर रहते मुंबई 12 ओवरों में 120 रन बना चुके थे। सुपर किंग्स ने भी यू-टर्न लेते हुए लगातार दो गेंदों पर रोहित और सिमंस को पवेलियन की राह दिखा दी और विशालकाय स्कोर की ओर बढ़ रहे मुंबई पर थोड़ी लगाम जरूर लगा दी। रोहित 25 गेंदों पर छह चैके और दो छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद अगली ही गेंद पर रवींद्र जडेजा के हाथों लपके गए। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने सभी को चैंकाते हुए 13वें ओवर में आक्रमण पर ड्वायन स्मिथ को बुलाया।

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय