अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ की 1989 की सुपरहिट फिल्म ‘राम लखन‘ कई लोगों की पसंदीदा फिल्मों में से एक है। अब निर्माता रोहित शेट्टी इस फिल्म का रीमेक बनाने जा रहे हैं। जब से इस फिल्म की घोषणा हुई है तभी से इसकी कास्टिंग को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। अब खबर आ रही है कि फिल्म की कास्टिंग पूरी हो चुकी है और राम-लखन की भूमिका में शाहिद कपूर व रणवीर सिंह नजर आ सकते हैं।
‘राम-लखन‘ के रीमेक के लिए रणवीर सिंह का नाम कई महीनों से मीडिया में आ रहा था मगर उनके भाई की भूमिका के लिए रोहित शेट्टी के दिमाग में कई नामों और विचार चल रहे थे। लखन की भूमिका के लिए भी रणवीर सिंह के साथ वरुण धवन और अर्जुन कपूर दौड़ में थे। राम के रोल के लिए रणबीर कपूर, रितिक रोशन और सिद्धार्थ मल्होत्रा का नाम सामने आ रहा था। रोहित शेट्टी की खोज अब पूरी हो गई है और रणवीर सिंह व शाहिद कपूर का नाम तय माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक शाहिद इस रीमेक में राम की भूमिका निभाएंगे जो जैकी श्रॉफ ने निभाई थी। अनिल कपूर द्वारा निभाई गई लखन की भूमिका की जिम्मेदारी रणवीर सिंह को दी गई है। सूत्र बताते हैं कि इस साल के अंत में फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी।