संगीतकार आदेश श्रीवास्तव का निधन,बॉलीवुड हुआ गमगीन

September 05, 2015 | 11:01 AM | 2 Views
Music_Composer_Aadesh_Shrivastava_niharonline

जानेमाने संगीतकार आदेश श्रीवास्तव का आज निधन हो गया। अब वो हमारे बीच नहीं रहे। पांच साल से कैंसर से जूझ रहे आदेश श्रीवास्तव आखिरकार जिंदगी की जंग हार गए। उनका बीती रात करीब 12.30 बजे मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। वो 50 साल के थे। 4 सितंबर यानि कल ही उनका जन्मदिन था। कल ही बतौर संगीतकार उनकी आखिरी फिल्म ‘वेलकम बैक’ भी रिलीज हुई।आदेश श्रीवास्तव पिछले 45 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने हाल ही में कीमियोथेरेपी भी बंद कर दी थी। क्योंकि उनका शरीर इसको लेकर रिएक्ट नहीं कर रहा था। पहली बार आदेश को कैंसर का पता 2010 में लगा था।लगभग दो महीने पहले ही वो अमेरिका से इलाज करा कर लौटे थे फिर अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी।

                                             उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। अभिनेता अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान सहित फिल्म जगत से जुड़े तमाम सितारे आदेश की सेहत पर नजर बनाए हुए थे और उनकी सलामती की दुआ मांग रहे थे। आदेश ने बॉलीवुड की कई हिट फिल्मों में संगीत दिया था।आदेश ने चलते-चलते, बाबुल, बागबान, कभी खुशी-कभी गम, अपहरण, राजनीति समेत 100 से ज्यादा फिल्मों में संगीत दिया। साल 2005 और 2009 में आदेश श्रीवास्तव म्यूजिकल टैलेंट हंट शो ‘सारेगामापा’ में जज बने थे।आदेश श्रीवास्तव की मौत की खबर सुनते ही बॉलीवुड की हस्तियों ने ट्विटर पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना शुरू कर दिया।

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय