द्वारका में मोदी की रैली

February 02, 2015 | 11:30 AM | 48 Views

दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार के दिन द्वारका में रैली को संबोधित किया। अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस को उन्होंने जहां घोटालों की पार्टी बताया वहीं आप को धोखेबाज कहा और रैली में मौजूद प्रत्याशियों का जनता से परिचय करवाया और लोगों से भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील भी की। इस दौरान उन्होंने पूरे भारत के विकास पर बल दिया। मोदी ने अपने संबोधन में जनता को दिल्ली में स्वच्छ पीने का पानी देने और सभी झुग्गी वालों को पक्के मकान देने का वादा भी दोहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार दिल्ली में झुग्गियां हटाकर वहां कई मंजिला भवन बनवाएगी जो झुग्गी में रहने वालों को दी जाएंगी और कहा कि वह बनारस से चुनकर देश की संसद में पहुंचे हैं, लेकिन किसी एक इलाके के विकास से देश का विकास नहीं होता है। इसके लिए सभी को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। रैली में उन्होंने कहा कि अब तक नेताओं में गरीब को गरीब रखने की राजनीति होती आई है, जिसको अब हमनें बंद किया है।अब विकास की राजनीति हो रही है। जनधन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पहले गरीब को बैंकों के गेट से ही भगा दिया जाता था। आज बैंक कर्मी लोगों के घर जाकर खाता खोल रहे हैं। जनधन योजना की सफलता के लिए उन्होंने जनता का आभार भी जताया और कहा कि विकास की कसौटी है कि इसमें सभी भागीदार निभाएं।मोदी ने आप पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ टीवी पर आने के लिए ही सरकार नहीं बनानी होती है, बल्कि कुछ करके दिखाना पड़ता है। मोदी ने कहा कि वह अपने लिए यहां पर कुछ मांगने नहीं आए हैं, क्योंकि जो आप ने दिया है वह बहुत कुछ है। उसको अब ब्याज समेत आपको वापस लौटाना है।

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय