मोदी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल : स्मृति ईरानी से छिनी HRD मिनिस्ट्री

July 06, 2016 | 11:10 AM | 3 Views
major-changes-to-pm-modi-s-cabinet-niharonline

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में 19 नए मंत्रियों को शामिल करने के बाद विभागों में फेरबदल किया है। स्मृति ईरानी की जगह पर प्रकाश जावड़ेकर को मानव संसाधन विकास मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है। स्मृति ईरानी अब कपड़ा मंत्रालय का कार्यभार संभालेंगी।

बहरहाल, ईरानी को महत्वहीन माने जाने वाले कपड़ा मंत्रालय दिए जाने से ये कयास भी लगाए जा रहे हैं कि कहीं ऐसा इसलिए तो नहीं किया गया कि स्मृति 2017 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रचार का चेहरा बनाए जाने की स्थिति में प्रचार के लिए ज्यादा वक्त निकाल सकें।

वेंकैया नायडू को शहरी विकास मंत्रालय के अलावा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिला है। पहले अरुण जेटली के पास इस मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार था। अनंत कुमार को रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अलावा संसदीय कार्य मंत्री का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पहले वेंकैया नायडू के पास संसदीय कार्य मंत्रालय था। सदानंद गौड़ा को कानून मंत्रालय से हटाकर सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है।

सदानंद गौड़ा से कानून मंत्रालय ले लिया गया है और अब रविशंकर प्रसाद को कानून मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। नरेंद्र सिंह तोमर को ग्रामीण विकास मंत्री बनाया गया है। चौधरी वीरेंद्र सिंह अब तक इस विभाग को देख रहे थे। वित्त राज्य मंत्री जयंत सिन्हा को नागरिक उड्डयन मंत्रालय भेजा गया है।

एमजे अकबर नए विदेश राज्यमंत्री होंगे। एसएस अहलूवालिया कृषि एवं किसान कल्याण, संसदीय कार्य मंत्रालय के राज्यमंत्री होंगे। अनिल माधव दवे वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के राज्य मंत्री होंगे। विजय गोयल को युवा मामले, खेल, जल संसाधन एवं नदी विकास मंत्रालय में राज्यमंत्री बनाया गया है।

अनुप्रिया पटेल स्वास्थ्य राज्यमंत्री होंगी। सीआर चौधरी उपभोक्ता मामलों के राज्यमंत्री होंगे। रामदास आठवले को सामाजिक न्याय मंत्रालय दिया गया है, जबकि सुभाष रामाराव को रक्षा राज्यमंत्री बनाया गया है।

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय