ढाका में आतंकी हमला,6 आतंकी ढेर,18 बंधक छुड़ाए गए

July 02, 2016 | 11:37 AM | 2 Views
isis-terror-attack-in-dhaka-restaurant-niharonline

बांग्लादेश की राजधानी ढाका के हाई प्रोफाइल गुलशन इलाके के रेस्टोरेंट पर शुक्रवार रात हथियारबंद आतंकी हमले के बाद कमांडो ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। करीब 100 कमांडो रेस्टोरेंट में घुसे। एक भारतीय नागरिक समेत अब तक 18 बंधकों को छुड़ा लिया गया है। करीब 11 घंटों से जारी इस बंधक संकट की जिम्मेदारी कुख्यात आतंकी संगठन इस्लमिक स्टेट (आईएसआईएस) ने ली है।

इस्लामिक स्टेट ने अपनी समाचार एजेंसी अमाक के जरिए हमले के करीब चार घंटे बाद इसकी जिम्मेदारी ली है। शहर में लाइव प्रसारण रोक दिया गया है। ताजा जानकारी के मुताबिक कमांडो ने फायरिंग रोक दी है। इस बीच 6 आतंकियों को ढेर कर दिया गया है और एक को पकड़ लिया गया है। कमांडो ऑपरेशन खत्म हो चुका है। ढाका में रेड अलर्ट जारी किया गया है। आज सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।

अमेरिकी सांसदों ने ढाका बंधक संकट की निंदा की है। वहीं आईएस की ओर से हमले को लेकर अमेरिका ने फिलहाल पुष्टि होने से इनकार कर दिया। यहां केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि इस घटना का भारत ने संज्ञान लिया है। डिफेंस एक्सपर्ट कमर आगा ने कहा कि इस दुखद घटना के तार पाकिस्तान से भी जुड़ते हैं। आतंकियों को वहां से लगातार मदद मिल रही है।

राजनयिक क्षेत्र में आतंकी हमला कर रेस्टोरेंट के अंदर करीब 20 लोगों को बंधक बनाया है। बंधक बनाए गए लोगों में कई विदेशी बताए जा रहे हैं। इसमें शामिल एक भारतीय राजनयिक के बारे में बताया जा रहा है कि वह सुरक्षित हैं साथ ही इलाके में पड़ने वाले भारतीय उच्चायोग के सभी कर्मचारी भी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय उच्चायोग के सभी राजनयिक सुरक्षित हैं और किसी को भी किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। मंत्रालय इस मामले पर पूरी तरह से नजर बनाए हुए है।

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय