आसाराम का रसोइया को गोली मारकर हत्या

January 12, 2015 | 12:13 PM | 107 Views

संत आसाराम के रसोइया रहे अखिल गुप्ता (36) नाम के युवक की मुजफ्फरनगर में जानसठ रोड पर रविवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। आसाराम पर सूरत के आश्रम में दो बहनों के साथ दुष्कर्म के आरोप के मामले में अखिल सरकारी गवाह था। वारदात को आसाराम प्रकरण में सरकारी गवाह बनने के कारण से जोड़कर देखा जा रहा है। उसकी शादी भी आसाराम के आश्रम में ही रहने वाली रायपुर निवासी वर्षा से हुई थी। आसाराम के दुष्कर्म संबंधी आरोपों में घिरने से कुछ समय पहले ही अखिल पत्नी वर्षा के साथ अहमदाबाद से लौट आया था। आसाराम की गिरफ्तारी के बाद गुजरात पुलिस अखिल को पूछताछ के लिए साथ ले गई थी, जहां वह सरकारी गवाह बन गया था। एसएसपी हरिनारायण सिंह ने कहा कि मृतक के साथ लूटपाट भी नहीं हुई, कोई रंजिश भी सामने नहीं आई है। हत्या के कारणों की खोजबीन की जा रही है। सूचना पर तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन हत्यारों का कोई पता नहीं चला। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अबूपुरा निवासी अखिल गुप्ता (36) पुत्र नरेशचंद मीनाक्षी चौक के निकट स्थित गंगा प्लाजा में दूध डेयरी चलाता था। तीन माह से अखिल का परिवार जानसठ रोड स्थित गीता एन्क्लेव में रह रहा था। रविवार रात करीब सवा आठ बजे अखिल दुकान बंद कर स्कूटर से घर लौट रहा था। जैसे ही वह जानसठ रोड स्थित महालक्ष्मी एन्क्लेव के निकट पहुंचा, पहले से खड़े बदमाशों ने पीछे से उसे गोली मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी मिलने पर मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने बताया कि अखिल पहले आसाराम के अहमदाबाद स्थित आश्रम में बतौर रसोइया काम करता था।

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय