केजरीवाल जल्द ही लौटेंगे दिल्ली

March 13, 2015 | 12:15 PM | 23 Views
arvind_kejriwal_health_ok_niharonline.jpg

बेंगलुरु के जिंदल नेचर केयर इंस्टिट्यूट में अपना इलाज करा रहे दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है| बताया जा रहा है कि उनके रक्त में शर्करा का स्तर कम हो गया है और खांसी भी कम आ रही है| आप सूत्रों ने जानकारी दी है कि 10 दिनों की छुट्टी पर गए केजरीवाल 15 मार्च को राजधानी दिल्ली लौटेंगे और सोमवार से कामकाज संभालेंगे।बेंगलुरु के जिंदल नेचर केयर इंस्टिट्यूट में अपना इलाज करा रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल अस्पताल में न केवल अपने सेहत पर ध्यान दे रहे हैं बल्कि अंताक्षरी का भी लुत्फ उठा रहे हैं। हॉस्पिटल के मुख्य प्रशासक के घोष ने ईटी को बताया कि केजरीवाल के स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है। अब वह बिना खांसे लंबी बातचीत करने लगे हैं। केजरीवाल को खांसी की परेशानी है और इसी के इलाज के सिलसिले में वह बेंगलुरु गए हैं। पहले एक-दो दिनों तक उन्होंने अपने आप को खुद में सीमित रखा और उन क्रियाओं को करते रहे, जिसकी उन्हें सलाह दी गई थी। कुछ दिनों बाद वह मरीजों के साथ अंताक्षरी समेत अन्य कार्यक्रमों में शिरकत करने लगे। कई बार तो उन्होंने गाने भी गाए, लेकिन मरीजों की मानें तो अब उनकी आवाज में काफी सुधार हुआ है। घोष ने ईटी को बताया कि केजरीवाल को क्रिया और योग क्लासेज जैसे पब्लिक एरिया में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी गई है। हालांकि वह अपने कमरे में मोबाइल फोन यूज कर सकते हैं। हमें उनके मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने के बारे में जानकारी नहीं है। हमें उनके स्वास्थ्य की चिंता है, जिसमें लगातार सुधार हो रहा है। केजरीवाल के साथ उनके माता पिता भी इलाज करा रहे हैं। अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारी भी केजरीवाल की सादगी से प्रभावित बताए जाते हैं।

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय