लगातार बारीश से बाढ़ की चपेट में कश्मीर

March 30, 2015 | 03:15 PM | 85 Views
kashmir_Nautral_Disaster_niharonline

जम्मू-कश्मीर महज एक वर्ष के अंदर दूसरी बार भयंकर बाढ़ की चपेट में हैं।राज्य की कश्मीर घाटी में पिछले चार दिनों से भारी बारिश व बर्फबारी के कारण हालात खतरनाक स्तर तक पहुंच चुके हैं। कश्मीर में झेलम नदी उफान पर है। इस बाढ़ में अब तक 10 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि 17 से अधिक लोग अभी भी लापता बताये जा रहे हैं। वहीं केंद्र सरकार ने बाढ़ की हालात का जायजा लेने के लिए 5 एनडीआरएफ की टीम को भेज दिया है।अधिकारी पहाड़ी जलधाराओं और झेलम नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। घाटी में बाढ़ के मौजूदा हालात ने वर्ष 2014 में वहां आई बाढ़ की याद दिला दी है, जिसके कारण यहां भारी तबाही हुई थी और सैकड़ों लोगों की जान गई थी। जानकार सूत्रों के अनुसार सोमवार को अनंतनाग में संगम पर जलस्तर 22.8 फुट, श्रीनगर के राम मंुशीबाग पर 19 फुट औऱ बांदीपोरा में अशिम पर 11.55 फुट दर्ज किया गया।अधिकारी ने कहा कि झेलम नदी के तट पर बसे परिवारों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। श्रीनगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों जैसे राजबाग, जवाहर नगर, गोगजीबाग, वजीर बाग सहित कई जगहों पर रहने वाले लोग रविवार शाम से ही सुरक्षित स्थानों पर जाने लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को भेजा है। वहीं बड़गाम में एक पुल टूट जाने के कारण करीब दो हजार लोग फंस गए हैं, वहीं पुंछ और राजौरी में भी काफी पानी भर चुका है।उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने राज्य विधानसभा में कहा कि चार दिनों से हो रही लगातार बारिश को देखते हुए पूरे राज्य में बाढ़ की घोषणा कर दी गई है, क्योंकि घाटी में झेलम नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बढ़ गया है। सिंह ने कहा कि बाढ़ में कुछ लोगों के मारे जाने और 21 के लापता होने की सूचना मिली है, लेकिन इसका सत्यापन होना बाकी है। उन्होंने कहा कि यूट्यूब और दूसरी सोशल वेबसाइटों पर बाढ़ को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है, जिससे लोगों की घबराह बढ़ रही है, क्योंकि 2014 का भयानक मंजर लोग अब तक नहीं भूले हैं।बाढ़ की हालातों को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश में सभी परीक्षायें स्थगित कर दी हैं। साथ ही स्कूलों में 2 दिन की छुट्टी की घोषणा कर दी गयी है। पिछले साल सितंबर माह में आयी बाढ़ में तकरीबन 200 लोगों की मौत हो गयी थी। जबकि हजारों लोग अपने घरों से बेघर हो गये ।

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय