राज्यपाल अजीज कुरैशी को पद से हटाया गया

March 28, 2015 | 05:56 PM | 23 Views
Governor_Aziz_Qureshi_sacked_from_office_niharonline

केन्द्र सरकार के साथ तल्ख रिश्तों के चलते पद से हटाए जाने की अटकलों के बीच सुप्रीम कोर्ट का रुख करने वाले मिजोरम के राज्यपाल अजीज कुरैशी को उनके पद से हटा दिया गया है। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक संक्षिप्त वक्तव्य में कहा गया, कुरैशी के मिजोरम के राज्यपाल का पद संभालने पर रोक लगाई जाती है। विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी को नियमित व्यवस्था होने तक अपनी जिम्मेदारियों के साथ ही मिजोरम के राज्यपाल का कामकाज भी संभालने को कहा गया है। कुरैशी का कार्यकाल मई 2017 तक था। कमला बेनीवाल के बाद कुरैशी दूसरे राज्यपाल हैं, जिन्हें नरेन्द्र मोदी सरकार के सत्ता संभालने के बाद उनके पद से हटाया गया है। उन्हें कुछ ही महीने पहले मिजोरम का राज्यपाल बनाया गया था। महाराष्ट्र के राज्यपाल के शंकरनारायणन, जिन्हें मिजोरम स्थानांतरित किया गया था, ने अपना नया पदभार संभालने से इंकार करते हुए इस्तीफा दे दिया था। कुरैशी, उन राज्यपालों में शामिल थे, जिन्हें संप्रग सरकार द्वारा नियुक्त किया गया था। तत्कालीन गृह सचिव अनिल गोस्वामी ने उनसे सरकार बदलने के बाद पद छोड़ने को कहा तो उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उस समय वह उत्तराखंड के राज्यपाल थे।

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय