एग्जिट पोल: असम में भाजपा, पश्चिम बंगाल में फिर ममता

May 17, 2016 | 04:11 PM | 2 Views
exit-poll-bengal-mamata-banerjee-will-win-niharonline

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के विभिन्न टीवी चैनलों पर दिखाए गए एग्जिट पोल के अनुसार ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में जबर्दस्त तरीके से लगातार दूसरी बार जीतने जा रही हैं। यहां वामदल-कांग्रेस गठजोड़ निष्प्रभावी रहेगा।

असम में कांग्रेस के लगातार 15 साल से चल रहे वर्चस्व को समाप्त कर पहली बार भाजपा के 'कमल' खिलने के आसार हैं। पूर्वोत्तर में भाजपा की यह पहली सरकार हो सकती है।

तमिलनाडु में जयललिता अपेक्षित प्रभाव नहीं डाल पाईं। वहां करुणानिधि की द्रमुक और कांग्रेस का गठबंधन सत्ता प्राप्त कर सकता है। हालांकि एक एग्जिट पोल में अन्नाद्रमुक की बढ़त बताई गई है।

केरल में ओमन चांडी कांग्रेस की नैया पार करवाते नहीं दिखाई दे रहे। वहां लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट सत्त्ता पर काबिज हो सकता है।

पुड्डुचेरी में द्रमुक के नेतृत्व में कांग्रेस व अन्य दलों का गठबंधन सत्ता की दहलीज पर पहुंच सकता है। वहां सत्ताधारी ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस को 30 में से आठ से 12 सीटें मिलने की संभावना है।

चुनावों के औपचारिक नतीजे 19 मई को आएंगे। सोमवार को अंतिम चरण के मतदान में केरल में 71.7%, तमिलनाडु 69.19% और पुड्डुचेरी में 71.08% मतदान हुआ।

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय