बाड़मेर के बायतू से भाजपा विधायक कैलाश चौधरी के कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर गुरुवार को सियासी पारा गरमा गया। भाजपा विधायक का विरोध जताने के लिए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया।
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने आक्रोश का इज़हार करते हुए भाजपा विधायक के सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कैलाश चौधरी और भाजपा के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की।
कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन उस वख्त और उग्र हो गया जब विरोध-प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैलाश चौधरी के आवास की नेम प्लेट पर कालिख पोत डाली और दीवार पर राहुल गांधी जिन्दाबाद के नारे लिख दिए।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके नेता राहुल गांधी के खिलाफ किसी भी तरह की बयानबाज़ी बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
गौरतलब है कि बायतू विधायक कैलाश चौधरी ने एक जनसभा में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को देशद्रोही कहकर सम्बोधित किया था। यही नहीं चौधरी यहां तक कह गए थे कि राहुल गांधी को गोली मार देनी चाहिए।