केंद्रीय मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने कहा है कि हम अपने दुश्मनों का सफाया करने के लिए तैयार हैं। राठौड़ ने कहा कि दाउद इब्राहिम और लश्कर ए तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद जैसे भारत के दुश्मनों को यह नहीं सोचना चाहिए कि भारत उनके बारे में सोच नहीं रहा है। राठौड़ से जब यह पूछा गया कि सरकार 1993 के मुम्बई विस्फोटों के मुख्य आरोपी दाऊद इब्राहिम और भारत में अन्य वांछित सईद के बारे में सरकार क्या कर रही है तो उन्होंने कहा कि हम अपने दुश्मनों का सफाया करने हमेशा तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत का दुश्मन जहां कहीं भी हो, उसे यह नहीं सोचना चाहिए कि भारत उसके बारे में कुछ नहीं सोच रहा है।उनसे कहा गया कि मोदी सरकार के 15 महीने बीत गए लेकिन पाकिस्तान में शरण लिए भगोड़ों के खिलाफ कुछ नहीं किया गया, बजाय डोजियर तैयार करने के। इस पर उन्होंने जवाब दिया, ‘‘साम, दाम, दंड, भेद (सभी तरीकों का उपयोग किया जाएगा)। डोजियर के अलावा अन्य तरीके भी इस्तेमाल किए जाएंगे। जब कभी कुछ होगा, आपको खबर मिल जाएगी।राठौड़ ने कहा, ‘‘विशेष अभियान उसके हो जाने पर सार्वजनिक किया जाता है। यह सरकार पर निर्भर करता है कि यह कब किया जाए, कौन जानता है कि यह अभी हो रहा है या नहीं हो रहा है। लेकिन यह हो जाने के बाद ही सार्वजनिक किया जाएगा।