पुलिस ने ओडिशा के राउरकेरा से सिमी के 4 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से पहले पुलिस और आतंकियों के बीच करीब तीन घंटे तक जमकर फायरिंग हुई। आरोपियों की पहचान शेख महबूब उर्फ गुड्डू उर्फ मलिक, अमजद उर्फ दाउद, मोहम्मत असलम उर्फ बिलाल और जाकिर हुसैन उर्फ सादिक के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए आतंकियों में दो आतंकी तीन वर्ष पहले खंडवा जिला जेल की दीवार फांदकर फरार हुए थे।
जानकारी अनुसार, इन चारों ने राउरकेला के कुरैशी मोहल्ला में किराए पर एक फ्लैट लिया हुआ था। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, तेलंगाना पुलिस और राउरकेला पुलिस ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। इन चारों की गिरफ्तारी से पहले मुठभेड़ रिहायशी इलाके में हुई, लेकिन राहत की बात यह रही कि इसमें किसी को चोट नहीं आई।
ये चारों सिमी के लिए मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में काम कर रहे थे। ये चारों राउरकेला में अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे। राउरकेला में डकैती करके ये अपने ऑपरेशनों को अंजाम देते थे। चारों मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और एनआईए की वॉन्टेड लिस्ट में भी हैं। इनके पास से 5 गन और गोला-बारूद बरामद किया गया है। इंटेलीजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर अरुण सारंगी ने बताया कि चारों ने एक बैंक भी लूटा था।







