आगरा में बनेगा 10 हजार करोड़ रुपए का थीम पार्क

May 19, 2016 | 02:09 PM | 2 Views
theme-park-in-agra-soon-niharonline

ताजनगरी की पहचान अब सिर्फ ताज से नहीं होगी। एक अलग तरह का थीम पार्क भी यहां आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। बुधवार को आगरा में रिंग रोड के किनारे एक हजार एकड़ में बनने जा रहे थीम पार्क के लिए यूपीएसआईडीसी और किंगडम कंपनी के बीच एमओयू साइन किया गया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में पांच कालीदास मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में यूपीएसआईडीसी की ओर से एमडी मनोज सिन्हा और किंगडम कंपनी की ओर से अभिनेता संजय खान ने एमओयू साइन किया।

इस मौके पर सीएम ने कहा कि आगरा थीम पार्क प्रोजेक्ट से प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके थ्रू थीम पार्क के माध्यम से भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को जीवन्त रूप देने का काम किया जाएगा। जिससे देश के इतिहास एवं संस्कृति को जानने के इच्छुक विद्यार्थियों, पर्यटकों और स्कॉलर को मदद मिलेगी। थीम पार्क को देश की एक अभिनव परियोजना बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे।

लगभग 10 हजार करोड़ रुपए की इस परियोजना में सात शहरों की थीम वार स्थापना की जाएगी। जिनका भ्रमण मोनो रेल के माध्यम से किया जा सकेगा। इनमें भारत की प्राचीन, मध्ययुगीन और आधुनिक इतिहास व सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। इसमें मोहन जोदड़ो, पाटलीपुत्र, रामायण और महाभारत काल की भी जानकारी शामिल रहेगी। इससे पूरी दुनिया में राज्य की एक अलग पहचान बनेगी। 

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय