250 चीनी सैनिकों ने की घुसपैठ,सेना ने खदेड़ा

June 14, 2016 | 11:49 AM | 2 Views
china-people-liberation-army-infiltration-in-india-niharonline

चीनी सैनिकों की ओर से एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश में घुसपैठ का मामला सामने आया है। घटना अरुणाचल कामेंग जिले के यांगत्से क्षेत्र की है जहां 250 चीनी सैनिक घुस आए। हालांकि भारतीय सेना ने इन्हें खदेड़ दिया। रक्षा सूत्रों के मुताबिक चीन की ओर से घुसपैठ की एक और घटना को अंजाम देते हुए चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के करीब 250 जवानों ने चार दिन पहले अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कामेंग जिले में प्रवेश किया लेकिन भारतीय जवानों के कड़े रुख के कारण इन्हें वापस लौटना पड़ा।

सेना के सूत्रों ने बताया कि चीन के गश्ती दल द्वारा अस्थाई घुसपैठ नौ जून को पूर्वी कामेंग जिले के यांगस्ते में हुई। हालांकि सूत्रों के अनुसार कुछ घंटे के भीतर जवान वापस चले गये। गौरतलब है कि चीनी घुसपैठ ऐसे समय में हुई है जब बीजिंग ने 48 सदस्यीय परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) की सदस्यता के भारत के प्रयास के खिलाफ अपना रख कड़ा कर लिया है।

क्षेत्र में इस साल चीनी सेना की ओर से घुसपैठ का यह पहला ज्ञात मामला है। चीन इस क्षेत्र को अपना होने का दावा करता है। सूत्रों ने कहा कि चीनी सैनिकों ने अपने इलाके में लौटने से पहले सीमा के इस ओर करीब तीन घंटे बिताए।

ताजा समाचार

सबसे अधिक लोकप्रिय