आंध्र प्रदेश के गुंटूर सरकारी जनरल अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में एक बच्चे की मौत हो गई। कहा जा रहा है कि इस 10 दिन के बच्चे की मौत चूहे के काटने से हुई। अस्पताल अधीक्षक डॉ. वेनुगोपाल ने बताया कि आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के. श्रीनिवास ने अस्पताल से इस संबंध में एक रिपोर्ट मांगी है और घटना की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि चूहे ने बच्चे के हाथ में काटा था।
बच्चे की मां ने बताया कि बच्चे को 17 अगस्त को विजयवाड़ा जनरल अस्पताल में जन्म दिया था और उसे स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण सर्जरी के लिए यहां भेजा गया था और उसके बाद उसे गहन चिकित्सा कक्ष में रखा था। अधीक्षक ने बताया कि उसकी मां ने बुधवार सुबह देखा कि उसके लड़के के दाएं हाथ की उंगलियों को चूहे ने काट लिया है। बच्चे की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।दो दिन पहले मासूम के माता-पिता ने अस्पताल प्रशासन को इस बारे में शिकायत दी थी। कहा जा रहा है कि इसके बाद आईसीयू में चूहा पकड़ने का जाल रखा गया था। इसके बाद भी चूहे ने ने बच्चे को काट डाला जिससे उसकी जान चली गई।